
अहमदाबाद: भगवान जगन्नाथ की 147वीं रथ यात्रा में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 17 हाथियों के ग्रुप में सबसे आगे चल रहा एक हाथी बेकाबू हो गया। यह घटना करीब सुबह 10 बजे घटी, जिससे कुछ देर के लिए रथयात्रा में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
हाथी को काबू में करने के लिए वन विभाग की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और हालात पर नियंत्रण पाया। तीन हाथियों (दो मादा, एक नर) को फिलहाल रथ यात्रा से हटा दिया गया है। अब 14 हाथी यात्रा में आगे बढ़ेंगे।
रथ यात्रा की शुरुआत सुबह 7 बजे जमालपुर स्थित मंदिर से हुई थी। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक ‘पाहिंद विधि’ (सोने की झाड़ू से रास्ता साफ करने की परंपरा) कर यात्रा का शुभारंभ किया। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह और उनका परिवार भी सुबह मंगला आरती में शामिल हुए और भगवान को खिचड़ी का भोग अर्पित किया।
रथयात्रा शाम 8:30 बजे तक पुनः मंदिर लौटेगी। इस दौरान पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बंदोबस्त, सीसीटीवी निगरानी, और ड्रोन कैमरे तैनात किए गए हैं।