
मठ और मंदिर भी बच्चियों के लिये सुरक्षित नहीं है। अमरावती से आई एक खबर आपको सोचने पर मजबूर कर देगी, कि जहां पर अध्यात्मिक और सकारात्मक वातावरण होता है वहां भी बच्चियों पर सितम हो रहे है। अब एक मठ के 75 साल के पुजारी ने एक 17 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण किया और वो गर्भवती हो गई।
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का कई बार यौन उत्पीड़न करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में एक मठ के 75 साल के पुजारी और उसके सहायक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 17 साल की पीड़िता की चाची को भी गिरफ्तार किया गया है। मेडिकल जांच के दौरान पता चला कि लड़की आठ महीने की गर्भवती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने चाचा और चाची के साथ पिछले एक साल से मठ में सेवा करने के लिए रह रही थी। उसने बताया कि जब वह मठ में रह रही थी, तब मुख्य पुजारी ने उसकी चाची से कहा कि वह पीड़िता को दो अप्रैल, 2024 को उससे मिलने के लिए भेज दे। पीड़िता की चाची ने लड़की को पुजारी सुरेंद्रमुनि तालेगांवकर के कमरे में भेज दिया, जहां पुजारी ने उससे कथित तौर पर बलात्कार किया। पीड़िता ने बताया कि मठ में रहने वाले बालासाहेब देसाई ने भी लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया। उसने बताया कि दोनों आरोपियों ने कई महीनों तक यह अपराध किया। पीड़िता ने शुरू में अपनी चाची को इस बारे में बताया, लेकिन उसकी चाची ने उसे धमकाया और चुप रहने को कहा। पुलिस ने बताया कि लड़की की चाची ने उसकी मदद नहीं की, जिसके कारण दोनों आरोपी पीड़िता का यौन उत्पीड़न करते रहे। अधिकारी ने आगे बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।